हरियाणा में स्पेशल काउ प्रोटेक्शन टास्क फोर्स का होगा गठन

डेस्क। हरियाणा में गोरक्षक अब सरकार की ओर से गठित टास्क फोर्स का हिस्सा होंगे। शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने हर जिले में स्पेशल काउ प्रोटेक्शन टास्क फोर्स के गठन की अधिसूचना जारी कर दी। इसके अलावा प्रदेश स्तर पर विशेष गो संरक्षण टास्क फोर्स कमिटी का भी गठन किया जाएगा। हर जिले में गो संरक्षण टास्क फोर्स पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर काम करेगी। इसका काम राज्य में आवारा घूम रहे गोवंश के पुनर्वास की व्यवस्था करना होगा। राज्य स्तर पर गठित होने वाली गो संरक्षण समिति में 6 सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा हर जिले में गठित होने वाली टास्क फोर्स में 11 सदस्य नियुक्त किए जाएंगे।
राज्य सरकार के आदेश में कहा गया है कि हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन एक्ट 2015 के पालन के लिए टास्क फोर्स का गठन जरूरी होगा। इस टास्कफोर्स का काम होगा कि वह गो तस्करी पर नजर रखे और ऐसी किसी भी सूचना मिलने पर उसे रोकने का काम करे। यह टास्क फोर्स पुलिस के साथ समन्वय से काम करेगी। दरअसल अब तक राज्य में ऐसे कई गो रक्षा दल बने हुए थे, जिनकी गतिविधियों में पर सवाल उठे थे। यही नहीं इनकी ओर से हिंसक झड़पों की खबरें भी आई थीं। ऐसे में सरकार ने इस तरह की सरकारी टास्क फोर्स का गठन कर विवादों को खत्म करने का फैसला लिया है।