चली अखिलेश की साइकिल: बोले, झूठी है बीजेपी सरकार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मिशन-2022 के तहत भाजपा को घेरने आज साइकिल पर निकले। उन्होंने लखनऊ में पार्टी मुख्यालय से साइकिल यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी जिलों में साइकिल यात्रा निकाली। उनकी पत्नी डिंपल यादव ने कन्नौज में साइकिल यात्रा को रवाना किया। यात्रा निकालने से पहले पार्टी मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए सपा मुखिया ने महंगाई-बेरोजगारी और खेती-किसानी सहित तमाम मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलने में नंबर एक पार्टी है। वो हर मुद्दे पर झूठ पर झूठ बोल रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना की दूसरी लहर के दौरान आम लोगों की मदद करने में पूरी तरह नाकाम रही। उन्होंने कहा कि महामारी से जब लोगों की जान जा रही थी तब प्रदेश में जमकर दवाओं की कालाबाजारी हो रही थी। लोग कोरोना की वजह से नहीं बचे। यह सरकार की विफलता थी। बड़ी संख्या में लोग मारे गए। लोगों को मजबूरन अपने प्रियजनों की लाशें गंगा में बहानी पड़ीं लेकिन सरकार इस सच्चाई को स्वीकार करने की बजाए झूठ पर झूठ बोल रही है।