लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न कर रहे विपक्ष पर करारा हमला करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ में डूब कर ऐसी चीजें कर रहे हैं जिनसे लगता है कि वे ‘सेल्फ गोल’ करने में जुटे हैं। मोदी ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक वृहद अभियान की शुरुआत करने के बाद अपने संबोधन में ‘तोक्यो ओलंपिक’ में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा कांस्य पदक जीतने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘एक तरफ हमारा देश जीत के गोल के बाद गोल कर रहा है, वहीं देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो राजनीतिक स्वार्थ में डूब कर ऐसी चीजें कर रहे हैं कि लगता है वे सेल्फ गोल करने में जुटे हैं। उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘देश क्या चाहता है, क्या हासिल कर रहा है, कैसे बदल रहा है, इससे उन्हें कोई सरोकार नहीं। यह लोग अपने स्वार्थ के लिए देश के समय और भावना दोनों को आहत करने में जुटे हैं। अपने स्वार्थ के लिए संसद का निरंतर अपमान कर रहे हैं। देश का हर नागरिक मानवता पर आए सबसे बड़े संकट से बाहर निकलने के लिए जी जान से जुटा है और यह लोग कैसे देशहित के काम को रोका जाए, इस स्पर्धा में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन इस देश की महान जनता ऐसी स्वार्थ और देशहित विरोधी राजनीति का बंधक नहीं बन सकती। ये लोग देश और उसका विकास रोकने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन यह रुकने वाला नहीं है। वह संसद को रोकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन 130 करोड़ जनता देश को रुकने नहीं देने में लगी हुई है।’’
विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों ने उत्तर प्रदेश को हमेशा अपने परिवार वालों और राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया है। उसे देश की आर्थिक प्रगति से जोड़ा ही नहीं गया। इन लोगों ने उप्र को नहीं बल्कि खुद को समृद्ध किया। मुझे खुशी है कि आज उत्तर प्रदेश ऐसे लोगों के कुचक्र से बाहर निकल कर आगे बढ़ रहा है। मोदी ने कहा कि भारत टीकाकरण के मामले में भी 50 करोड़ के पड़ाव के बिल्कुल दरवाजे पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जुलाई में एक लाख 16 हजार करोड़ रुपए का जीएसटी एकत्र होना यह बताता है कि अर्थव्यवस्था रफ्तार पकड़ रही है। वहीं, आजादी के बाद पहली बार किसी एक महीने में भारत का निर्यात ढाई लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया। उन्होंने बताया कि कृषि निर्यात में हम दशकों बाद दुनिया के टॉप-10 देशों में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित देश के पहले विमान वाहक पोत विक्रांत का परीक्षण शुरू हो गया है।
पीएम मोदी बोले: विपक्ष कर रहा सेल्फ गोल
