उत्तराखंड: हर साल 60 लोगों की जान ले रहे हैं बाघ-गुलदार

देहरादून। उत्तराखंड में हर साल औसतन 60 से अधिक लोग जंगली जानवरों के हमले में जान गंवा रहे हैं। पर इनमें से करीब आधे (30) लोगों की मौत का कारण बाघ व गुलदार बन रहे हैं। यह चौकाने वाला खुलासा सूचना अधिकार के तहत हुआ है। जानवरों के हमले में इंसानों की मौत का यह औसत महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों से भी ज्यादा है। वहीं प्रदेश में 45 गुलदार व चार बाघ आदमखोर घोषित करने के बाद मार दिए गए। आरटीआई के तहत वन विभाग से बीते दस सालों में मानव वन्यजीव संघर्ष के आंकड़ों की जानकारी मिली है।
रिपोर्ट में प्रदेश में 603 लोगों की मौत जंगली जानवरों के हमलों में हुई है। जिसमें से सबसे ज्यादा 236 लोगों को गुलदार ने अपना शिकार बनाया है। वहीं साल 2017 के बाद से गुलदार के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। अकेले 2021 में ही अब तक गुलदार 14 लोगों की जान ले चुका है। इंसानों की जान लेने में गुलदार के बाद हाथी का नंबर है। 127 लोग हाथी के हमले में अब तक मारे गए हैं।