पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करेगी यूपी कांग्रेस

लखनऊ। यूपी में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में अपना खोया जनाधार वापस पाने की जद्दोजहद में जुटी कांग्रेस ने अपने नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण का महाअभियान शुरू किया है। मिशन 2022 को ध्यान में रख़ते हुए शुरू किये गए अभियान के बारे में प्रदेश कांग्रेस मीडिया एवं संचार विभाग के संयोजक ललन कुमार ने मंगलवार को बताया कि पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन निर्माण के अंतिम पड़ाव पर है। प्रदेश के सभी 823 ब्लॉकों की समितियों का गठन हो गया है। 8134 न्याय पंचायत के अध्यक्ष मुस्तैदी के साथ अपनी कमेटियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। साथ ही साथ अब ग्राम सभा अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि नए पदाधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए कांग्रेस ने ‘प्रशिक्षण से पराक्रम’ नामक महाअभियान शुरू किया है। कांग्रेस ने इस अभियान को ‘विजय सेना निर्माण नाम दिया है। 100 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान 700 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जायेंगे। इस दौरान करीब 2 लाख पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुमार ने बताया कि मंगलवार से शुरू हुए इस अभियान में जिलावार प्रशिक्षण शुरू हुआ है। जिसमें जिले और शहर की कमेटी के सदस्यों के साथ ब्लॉक, न्याय पंचायत और वार्ड के अध्यक्ष प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके साथ ही साथ नगर अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष भी इन प्रशिक्षण शिविरों में भाग ले रहे हैं।