तालिबान ले रहा पाक सैनिकों की जान

डेस्क। एक तरफ तालिबान पाकिस्तानी सैनिकों की जान ले रहा है। अफगान सीमा से लगातार उसके ऊपर फायरिंग कर रहा है। रविवार को तालिबान की फायरिंग में दो पाकिस्तानी सिपाहियों की जान चली गई। इससे पहले गुरुवार को भी उसने एक पाकिस्तानी सिपाही को मार डाला था। इन सबके बावजूद पाकिस्तान तालिबान की खिदमत में जुटा हुआ है। एक ऐसे वक्त में जबकि हर कोई तालिबान की परछाई से बचना चाह रहा है पाकिस्तान तालिबान के नियंत्रण वाले इलाके में मेडिकल सप्लाई का ऐलान कर रहा है। अफगानिस्तान में पाकिस्तान के राजदूत मंसूर अहमद खान ने ट्विटर पर बाकायदा इसकी घोषणा की है। मंसूर अहमद खान की घोषणा के मुताबिक वल्र्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की मेडिकल सप्लाई को लेकर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का कार्गो विमान इस्लामाबाद से मजार शरीफ जाएगा। मजार-ए-शरीफ वह शहर है जहां तालिबान ने 14 अगस्त को अपना कब्जा जमा लिया था। मंसूर अहमद खान ने अपनी ट्वीट में लिखा कि अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से यह एक मानवतापूर्ण कदम होगा। अफगानिस्तान में जरूरी चीजों की सप्लाई बेहद अहम है। हालांकि तात्कालिक तौर पर इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी कि यह फ्लाइट अफगानिस्तान में कब लैंड करेगी।