अखिलेश बोले: बीजेपी सरकार उत्सवों में है व्यस्त

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में कई नदियों के उफान पर होने से सैकड़ों गांव बाढ़ में डूबे हुए हैं। लोग घरों में फंसे हैं। मवेशी चारे के अभाव में अधमरे हो रहे हैं। फसल चौपट हुई है। प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित है। राहत कार्य शुरू न होने से हर तरफ तबाही मची हुई है। भाजपा सरकार बाढ़ की विभीषिका से बेखबर सरकारी उत्सवों में व्यस्त है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। बलरामपुर, महाराजगंज, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, गोण्डा, आदि दर्जनों जनपदों में बाढ़ में फंसे लोग जान बचाने के लिए पलायन कर रहे हैं। प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ के खतरे से निदान की जगह भाजपा सरकार लापरवाही बरत रही है। दैवीय आपदा के नाम पर तटबंधों के रख रखाव पर काफी धनराशि खर्च की जाती है किन्तु यह रकम कहां बह जाती है? भाजपा को वस्तुत: न तो प्रदेश के विकास की चिंता है और नहीं जनता की तकलीफों से उसका कोई वास्ता है। लोग बाढ़ में फंसे हैं, उनको राहत पहुंचाने की फिक्र नहीं है। ऐसी संवेदनशून्य सरकार प्रदेश के लोगों ने कभी नहीं देखी है। बलरामपुर में तराई क्षेत्र के पहाड़ी नालों में आई बाढ़ से भारी तबाही मची है। दर्जनों गांवों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित है। धान फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। बलरामपुर के 150 गांव राप्ती नदी के पानी से घिरे हैं। कई गांवों में कटान जारी है। सैकड़ों हेक्टेयर फसल नदी में समा चुकी है, अधिकतर गांवों में कोई राहत सामग्री नहीं पहुंची है। लोग बाढ़ के पानी के तेज बहाव को देखते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं।