दिल्ली में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हुई भारी बारिश से मंगलवार के दिन पारा सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे आ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए थे। सुबह 8:30 बजे के बाद बादल घने हो गए और कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस दौरान घन गर्जन और बिजली कडक़ने की आवाज लगातार आती रही। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच सफदरजंग मौसम केंद्र में 69.1 मिलीमीटर बरसात हो चुकी थी। शाम 5:30 बजे तक यहां 84.1 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। जोरदार बारिश और दिनभर बादल छाए रहने के चलते दिल्ली के तापमान में खासी गिरावट आई है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां आद्र्रता का स्तर 100 से 77 फीसदी तक रहा।