अखिलेश की हुंकार: अबकी बार 400 पार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर यूपी विधानसभा चुनाव में चार सौ से अधिक सीटें जीतने का दावा किया है। गुरुवार को जनक्रांति यात्रा के समापन समारोह में अखिलेश ने कहा कि यह यात्रा जिन इलाकों से होकर निकली है वहां पर भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसलिए समाजवादियों ने इस बार 400 पार का नारा चुना है।
अपने पिता और सपा के संरक्षक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के अचानक कार्यालय पहुंचने से उत्साहित अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कई हमले बोले। उन्होंने कहा कि किसान की आय दोगुनी नहीं हुई लेकिन सिलेंडर की कीमत कितनी हुई? दोगुनी हुई की नहीं हुई। भाजपा से जनता त्रस्त है। किसानों की कर्जमाफी का वादा पूरा नहीं किया। सिलेंडर महंगा हो गया है। डीजल, पेट्रोल महंगा हो गया है। भाजपा के केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरसों के तेल में मिलावट नहीं कर पा रहे हैं इस वजह से महंगा है। मिलावट करके महंगाई को कम करना चाहिए। ऐसी सरकार नहीं चाहिए। भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।
लम्बे समय बाद कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे मुलायम सिंह यादव भी इस मौके पर अपने पुराने रंग में दिखे। सफेद कुर्ता-धोती और सिर पर लाल टोपी, कार्यकर्ताओं ने वर्षों बाद अपने नेता को इस तरह देखा तो उत्साह से भर गए। मुलायम सिंह ने कहा कि सपा की सरकार बनाकर इस क्रांति यात्रा का मकसद पूरा करें। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में अलग-अलग यात्राएं चल रही है। एक यात्रा का समापन सैफई में हो चुका है और आज जन क्रांति पार्टी की यात्रा का समापन हो रहा है।