बिहार: पंचायत चुनाव के लिए 164 करोड़ जारी

पटना। बिहार सरकार ने ग्राम पंचायत और ग्राम कचहरी के चुनाव को लेकर 164 करोड़ रुपए जारी किया है। इनमें से 109 करोड़ राज्य निर्वाचन आयोग को दिये गये हैं। वहीं शेष 55 करोड़ राशि जिलों को जारी की गई है। पंचायती राज विभाग ने राशि जारी करने से संबंधित आदेश जारी कर दिया है। मालूम हो कि राज्य में 11 चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण के चुनाव को लेकर बुधवार को अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
पंचायत चुनाव की तैयारी बिहारशरीफ जिले में 20 कोषांगों के अधीन की जा रही है। 10 चरणों में बिहारशरीफ जिले में पंचायत चुनाव होना है। चुनाव में मतदान कर्मियों का डाटा अपडेट किया जा रहा है। चुनाव के लिए कुल 49 हजार 600 कर्मियों की जरूरत पड़ेगी। उसी अनुरूप मतदान कर्मियों को ट्रेनिंग दिलायी जाएगी। इसके बाद ड्यूटी लगायी जाएगी। लंबे समय तक चरणबद्ध तरीके से चुनाव होने के कारण पुरुष कर्मचारियों को चार बार यानि चार चरणों में चुनावी ड्यूटी लगायी जाएगी। जबकि, महिलाकर्मियों को एक बार यानि एक चरण में ही ड्यूटी करनी पड़ेगी। अलग-अलग चरणों में आयोजित चुनाव में जरूरत के अनुसार कर्मियों को पुन: ड्यूटी लगेगी। जिला पंचायत राज पदाधिकारी नवीन कुमार पांडेय ने बताया कि 17 हजार 465 पुरुक तो व 878 महिला कर्मियों का डाटा तैयार किया गया है। खास बात यह है 25 फीसद बूथों पर महिला कर्मी ही तैनाती रहेंगी।