ब्राह्मïण सम्मेलनों पर कांग्रेस का वार: विपक्षियों को निशाना

लखनऊ। कांग्रेस ने बसपा और सपा के बाद अब भारतीय जनता पार्टी द्वारा ब्राह्मणों को रिझाने के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि इन पार्टियों को अगर ब्राह्मणों से इतना ही लगाव है तो वे यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी ब्राह्मण को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएं। यूपी कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने यहां एक बयान में कहा कि ब्राह्मणों को रिझाने के लिए भाजपा जगह-जगह प्रबुद्ध सम्मेलन कर रही है। वहीं, इससे पहले बसपा ने भी जगह-जगह ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन शुरू किया है।
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, अगर भाजपा, बसपा के साथ सपा को भी ब्राह्मणों से इतना ही प्यार है तो वह यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी ब्राह्मण को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर क्यों नहीं पेश करतीं। कुमार ने कहा, सच्चाई यह है कि कांग्रेस ने यूपी को सबसे ज्यादा छह ब्राह्मण मुख्यमंत्री दिए हैं। जो पार्टियां ब्राह्मणों को रिझाने के लिए तरह-तरह के ढोंग कर रही हैं, वे यह बताएं कि आखिर उन्होंने कितने ब्राह्मण मुख्यमंत्री दिए। गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव की गहमागहमी शुरू होने के बीच बसपा ने ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की योजना के तहत 23 जुलाई से अयोध्या से जगह-जगह ब्राह्मण सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू की है। उधर, भाजपा ने भी ब्राह्मणों को रिझाने के लिए प्रबुद्ध सम्मेलनों का आयोजन शुरू किया है। सपा ने भी 23 अगस्त से प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित करना शुरू किया है।