लखनऊ। भाजपा सरकार ने हर व्यक्ति का अपमान किया है और इसने पहले की किसी भी सरकार की तुलना में अधिक झूठ बोला है। छह महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया हो जाएगा। यह बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के कार्यक्रम के दौरान कहीं। अखिलेश यादव यहां मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विश्वकर्मा समाज को अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी में सत्ता आने पर सपा विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी फिर से बहाल करेगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ में गोमती नदी के किनारे भगवान विश्वकर्मा के भव्य मंदिर का निर्माण भी कराया जाएगा। भाजपा सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा झूठ का ट्रेनिंग सेंटर चला रही है। जनता को गुमराह करने के लिए अफवाहें फलाई जा रही हैं। उन्होंने इस बार भाजपा सरकार का सफाया होने का भी दावा किया।
अखिलेश का ऐलान: सरकार बनी तो गोमती के किनारे मंदिर
