अखिलेश की अपील: कार्यकर्ता जायें घर-घर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में किसान और बुनकर तबाह है। पहले किसानों के मान को गिराना फिर नाम भर के लिए दाम बढ़ा देना, भाजपा का ये चुनावी हथकंडा अब उत्तर प्रदेश में चलने वाला नहीं है। झूठ और नफरत के सहारे भटकाने-बहकाने वाली भाजपा की चालाकी से जनता को सजग कराने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चाहिए कि घर-घर जाकर सघन अभियान में जुट जाएं। भाजपा का अन्याय अब बर्दाश्त नहीं होगा। किसानों द्वारा उत्पादित कपास और बुनकरों द्वारा कपड़ा बनाकर बिक्री से भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। भाजपा के कारण दोनों वर्ग संकट में हैं। सरकार की नीतियों ने व्यापार को भी चौपट कर दिया है। महंगाई और भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग परेशान है। नौजवान का भविष्य अंधकारमय है। सभी त्रस्त, आक्रोशित और आंदोलित हैं। भाजपा ने अपने संकल्प-पत्र के वादों को भी भुलाकर जनता के साथ छल किया है। किसान को एमएसपी नहीं मिली, आय दुगनी करने के वादे का कहीं अता पता नहीं। किसान तीन काले कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर दस महीने से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सरकार उनकी बात नहीं सुन रही हैं बल्कि अपमानित कर रही है। बुनकरों की दशा भी दयनीय हो चली है। समाजवादी सरकार में उनको फिक्स बिजली चार्ज देना पड़ता था। भाजपा सरकार ने बिजली मंहगी कर दी है। खुद एक यूनिट बिजली उत्पादन न करने वाली भाजपा सरकार के समय लोग बिजली कटौती झेल रहे हैं। पावरलूम बुनकरों का धंधा ही चौपट हो गया है।