देश के छोड़ कर भागने की फिराक में हैं परमबीर

मुंबई। पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने यह जानकारी देते हुए कहा है कि परमबीर सिंह के देश से भागने को लेकर मिले इनपुट के बाद यह कदम उठाया गया है। वलसे ने गुरुवार को एक कार्यक्रम के इतर कहा, ”इनपुट हैं कि सिंह ने देश छोड़ दिया होगा। लेकिन कोई पुख्ता जानकारी अब तक नहीं है। एक सरकारी अधिकारी के नाते विदेश यात्रा को लेकर प्रतिबंध हैं। आप सरकार की इजाजत के बगैर देश नहीं छोड़ सकते हैं। फिर भी यदि वह गए हैं तो यह ठीक नहीं है।”वलसे ने कहा कि परमबीर सिंह की तलाश के लिए राज्य सरकार केंद्र के साथ संपर्क में भी है। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर ने तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। आईपीएस अधिकारी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच सीबीआई और ईडी के पास है। मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटाए जाने और होम गार्ड में ट्रांसफर के बाद परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे खत में आरोप लगाया था कि देशमुख ने पुलिस अधिकारियों को मुंबई में वसूली का टारगेट दिया था।