पीएम मोदी के क्षेत्र से होगी प्रियंका के चुनावी अभियान की शुरूआत

लखनऊ। यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अपने प्रचार अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से करेगी। 10 अक्टूबर को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा के साथ चुनाव अभियान का बिगुल फूंकेंगी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से निर्देश मिलने के बाद वाराणसी में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां जोर-शोर शुरू कर दी है। पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को यहां बुलाया जा रहा है। 10 अक्टूबर को वाराणसी में बड़ी रैली करके कांग्रेस की ‘चुनावी प्रतिज्ञा’ का ऐलान करेंगी। वाराणसी की रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ‘चुनावी प्रतिज्ञाएं’ जनता के सामने रखेंगी। 17 अक्टूबर से कांग्रेस की ओर से प्रदेश भर में ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ की शुरुआत की जाएगी। यूपी में कुल 4 ‘प्रतिज्ञा यात्राएं’ निकाली जाएंगी। हर एक यात्रा के पहले प्रियंका की एक रैली होगी। ये प्रतिज्ञा यात्राएं लगभग एक महीने तक चलेंगी। इसका समापन लखनऊ में एक महारैली के साथ होगा। महारैली लखनऊ में 19 नवंबर को आयोजित की जाएगी। 2022 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान की इस पहली जनसभा में कांग्रेसियों से जीजान से जुटने का आह्वान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सभी जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों से अपील की है कि वह ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं के साथ आकर जनसभा को सफल बनाएं। बताया जा रहा है कि जनसभा के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में अपना दमखम दिखाकर प्रियंका यह संदेश देना चाह रही हैं कि भाजपा से कोई लड़ सकता है तो वह कांग्रेस ही है।
मिशन 2022 के लिए प्रियंका गांधी ने बड़ी तैयारी की है। कांग्रेस ने अभियान के लिए रणनीति भी तय कर ली है। अब प्रियंका गांधी हफ्ते में पांच दिन यूपी में ही बिताएंगी। प्रवास के दौरान प्रियंका गांधी यूपी में चुनावी तैयारियों को परखेंगी। वह बैठकें, रैलियां और जनसंपर्क करेंगी। कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए जो रणनीति तैयार की है उस पर वह हर पल नजर रखेंगी।