लखीमपुर कांड: तीन किसानों की मौत, टिकैत भी रवाना

लखीमपुर खीरी। उपमुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए जमा हुए किसानों से पहले पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। इसी दौरान भाजपा नेताओं की गाडिय़ों से कुछ किसान कुचले गए। जिसमें दो की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इससे आक्रोशित किसानों ने कई गाडिय़ों में आग लगा दी और भाजपा नेताओं को भी जमकर पीटा भी। वहीं भारतीय किसान यूनियन ने ट्वीट कर कहा कि गाड़ी से रौंदने के कारण तीन किसानों की मौत हुई है। वहीं दूसरी ओर सरकार ने एडीजी एलओ प्रशांत कुमार को मौके पर भेजा है। रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखीमपुर खीरी को 117 करोड़ की सौगात देने आए थे। इस दौरान उन्होंने 165 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसके बाद डिप्टी सीएम केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी के गांव की ओर रवाना हो गए। बताते हैं कि इस रोड पर पहले से भारी संख्या में किसान मौजूद थे। सडक़ पर मौजूद किसान कृषि कानून का विरोध कर रहे थे। आरोप है कि इस बीच भाजपा का झंडा लगी गाडिय़ों की चपेट में कुछ किसान आ गए,जिससे किसान बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसा होते देख अन्य किसान आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसानों ने बवाल काट दिया।