पूर्व सीपी परमबीर गायब: दूसरे देश भागने की आशंका

मुंबई। जांच एजेंसियों का मानना है कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने या तो महाराष्ट्र पुलिस की तरफ से अपने खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने से पहले ही देश छोड़ दिया था या फिर वह फर्जी पासपोर्ट के सहारे देश से भागे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, परमबीर सिंह के छुट्टी पर जाने के दो महीने बाद महाराष्ट्र पुलिस ने सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। अधिकारियों के मुताबिक, परमबीर सिंह ने 7 मई को अपने खराब स्वास्थ्य को कारण बताते हुए छुट्टी मांगी थी और चंडीगढ़ चले गए थे। वहां से उन्होंने अपनी छुट्टियां बढ़वाई लेकिन इसके बाद से वह गायब हैं। सिंह के खिलाफ पहला लुकआउट सर्कुलर जुलाई मध्य में जारी किया गया है। ऐसे में आशंका है कि सिंह ने इससे पहले ही देश छोड़ दिया था। परमबीर सिंह के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हैं। एंटी-करप्शन ब्यूरो में सिंह के खिलाफ दो इंक्वायरी भी लंबित हैं। सिंह को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एंटीलिया बम कांड में समन भी भेजा था।