नोटिस चस्पा कर फिर बुलाये गये परमबीर

मुंबई। पूर्व मुखिया परमबीर सिंह की मुसीबत कम नहीं हो रही है। मुंबई पुलिस ने आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह के आवास के बाहर एक नोटिस चस्पा किया है। इसमें उनसे जबरन वसूली के एक मामले में 12 अक्टूबर को पेश होने को कहा है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। हाल में, महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा था कि ऐसी खबरें हैं कि मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त ने देश छोड़ दिया है। लेकिन कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। सिंह राज्य में कम से कम पांच आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा उपनगर गोरेगांव में सिंह के खिलाफ दर्ज वसूली के मामले की जांच कर रही है और उनसे पूछताछ करना चाहती है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम मालाबार हिल इलाके में नीलिमा भवन स्थित सिंह के फ्लैट पर गई और उनके वहां नहीं होने के कारण बाहर नोटिस चस्पा किया।