पूजा-अर्चना और हर-हर महादेव: प्रियंका ने किया उद्घोष

तेजबल पांडे, वाराणसी। यूपी विस चुनाव में मजबूत चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने रविवार को वाराणसी में बड़ी रैली की जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई अन्य नेताओं ने ‘जय माता दी’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ राज्य में परिवर्तन का आह्वान किया। वहीं, वाराणसी के रोहनियां में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान न्याय रैली’ की शुरुआत मंत्रोचार, शंखनाद, हर-हर महादेव के साथ कुरान की आयात और गुरबाणी से हुई। लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद पूर्वांचल में हुई कांग्रेस की पहली बड़ी जनसभा को संबोधित करने से पहले पार्टी महासचिव प्रियंका ने बाबा विश्वनाथ मंदिर और मां दुर्गा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। प्रियंका के रैली स्थल पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम के विधिवत शुरुआत पर सबसे पहले मंत्रोचार और शंखनाद किया गया। इसके बाद प्रियंका समेत मंच पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने ‘हर-हर महादेव’ का नारा लगाया। इसके बाद जनसभा में कुरान की आयत और गुरबाणी का पाठ भी किया गया। प्रियंका ने अपने भाषण की शुरुआत में नवरात्रि का उल्लेख करते हुए दुर्गा स्तुति का मंत्र पढ़ा और जय माता दी का उद्घोष किया। जनसभा में मौजूद भीड़ से उत्साहित प्रियंका ने कहा, आप मेरे साथ खड़े हों और कंधे से कंधा मिलाकर लड़ें। इस सरकार को बदलिए, परिवर्तन लाइए, मैं तब तक नहीं रुकूंगी जब तक यहां पर परिवर्तन नहीं आएगा।