मिशन 2022: प्रियंका की नजर आधी आबादी पर

लखनऊ। एक के बाद एक चुनावी हार से जूझ रही कांग्रेस अब न्याय योजना से आगे निकल चुकी है। पार्टी मतदाताओं का भरोसा जीतने के लिए हर मुमकिन दांव खेलने को तैयार है। यूपी में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लड़कियों को स्मार्ट फोन और स्नातक में स्कूटी देने के ऐलान को पार्टी की नई चुनावी रणनीति से जोडक़र देखा जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह प्रियंका के ऐलान का समर्थन किया है, उससे साफ है कि दूसरे चुनावी राज्यों में भी पार्टी न्याय योजना से आगे बढक़र इस तरह के चुनावी वादे करेगी। प्रियंका ने अपने ऐलान में यूपी कांग्रेस के निर्णय से शुरुआत की थी, पर राहुल ने देश की बेटी कहकर संबोधित किया है। इसके साथ यूपी को सिर्फ शुरुआत बताया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने जिस तरह यूपी में चुनावी घोषणाएं की हैं, इससे साफ है कि पार्टी की नजर महिला मतदाताओं पर है। महिला मतदाताओं में भाजपा की पकड़ बहुत मजबूत है। इसमें उज्जवला योजना की भूमिका काफी अहम है। ऐसे में कांग्रेस की कोशिश है कि किसी तरह महिला मतदाताओं में अपनी पैठ बनाई जाए। प्रियंका यही प्रयास कर रही हैं। पंजाब में मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने कई ऐसी घोषणाएं की हैं, जिनको लेकर पार्टी के अंदर आवाज उठती रही है। पर पार्टी नेतृत्व खुलकर उनका समर्थन कर रहा है। इससे साफ है कि पार्टी न्याय योजना का दायरा बढ़ा रही है। पार्टी न्याय से आगे निकल गई है और मतदाताओं को सीधे फायदा पहुंचाकर भरोसा जीतना चाहती है।