ट्रांसफर का रिकार्ड: आईएएस खेमका का 54वां तबादला

डेस्क। हरियाणा के चर्चित सीनियर आईएएस अधिकारी अशोक खेमका का एक बार फिर ट्रांसफर हो गया है। सिविल सेवा में 30 साल के लंबे करियर में यह उनका 54वां ट्रांसफर है। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी खेमका को करीब दो साल बाद फिर से कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ लगाया गया है। इससे पहले मार्च 2019 में खेमका का ट्रांसफर हुआ था। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका का ट्रांसफर ऑर्डर जारी किया। प्रधान सचिव (अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय) के अपने वर्तमान कार्यभार से, उन्हें हरियाणा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया है। वह मत्स्य विभाग की देखरेख भी करेंगे।
विज्ञान एवं तकनीकी विभाग के प्रधान सचिव अमित झा को इस पद से हटाते हुए खेमका को यह जिम्मेदारी दी गई है। 27 नवंबर 2019 को अभिलेख, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पहले खेमका विज्ञान एवं तकनीकी महकमा ही संभाल रहे थे। वहीं, स्थानीय शहरी निकाय और कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग संभाल रहे अरुण कुमार गुप्ता को अभिलेख, पुरातत्व एवं संग्रहालय के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।