यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसा: 2 की मौत

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह भीषण सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना ईकोटेक-1 क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा जाने वाले रास्ते पर एक मिनी ट्रैवलर बस जो खराब थी और हाईवे पर साइड में खड़ी थी। रविवार सुबह उसमें एक तेज रफ्तार से आती हुई होंडा सिविक कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। वहीं, घायलों को कैलाश हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।