फ्री वाले दांव के भरोसे प्रियंका गांधी

लखनऊ। यूपी में पैठ बनाने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने अब केजरीवाल की तरह फ्री वाला नया दांव खेला है। किसान, महिला युवा और बेरोजगारों को अपने एजेंडे के केंद्र बिंदु में रखकर प्रियंका गांधी ने वादों का झड़ी लगा दी। प्रियंका गांधी ने आठ प्रतिज्ञाओं का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो लड़कियों को स्मार्ट फोन और स्कूटी दी जाएगी, जबकि किसानों का पूरा कर्जा माफ कर दिया जाएगा। कोरोना काल के दौरान का बिजली का बिल माफ कर दिया जाएगा, जबकि बाद के बिजली के बिल का आधा पैसा माफ किया जाएगा।
2022 में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का जोर पूरा यूपी पर दिखाई दे रहा है। देश का सबसे बड़ा राज्य होने के नाते कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। पिछले दिनों यूपी में हुए बड़े मुद्दों में भी कांग्रेस ने बढ़चढक़र हिस्सेदारी की या यूं कहें कि कांग्रेस दूसरी पार्टियों के मुकाबले खुद बाजी मार ले गई। लखीमपुर हिंसा हो या फिर आगरा में सफाईकर्मी की मौत का मामला। सभी मामलों में प्रियंका गांधी ने सबसे पहले पहुंचकर पीडि़त परिवारों से मुलाकात करके कांग्रेस की छवि सुधारने की कोशिश की।