मन्नत की मन्नत हुई पूरी: घर आया बेटा

मुंबई। क्रूज जहाज पर मादक पदार्थ को ले कर छापेमारी में गिरफ्तार आर्यन खान 22 दिन के बाद शनिवार को मुंबई की आर्थर रोड जेल से रिहा होकर बांद्रा स्थित अपने घर ‘मन्नत’ पहुंचे।
अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन (23) को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। वह आठ अक्टूबर से आर्थर रोड जेल में बंद थे। आर्यन सुबह 11 बजे जेल से बाहर आए। जेल से निकलते ही वह, वहां पर पहले से इंतजार में खड़ी एक कार में सवार हुए और करीब साढ़े ग्यारह बजे अपने घर पहुंच गए। आर्यन के बाहर आने से आधे घंटा पहले उनके पिता शाहरूख का अंगरक्षक वहां पर पहले से इंतजार में खड़ी सफेद रंग की रेंज रोवर कार से उतरा और जेल के द्वार के निकट खड़ा हो गया। उसे वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बात करते देखा गया। करीब 11 बजे कार को जेल के द्वार के निकट लाकर खड़ा कर दिया गया। इस रेंज रोवर समेत गाडिय़ों का एक काफिला आठ बजे के आसपास ‘मन्नत’ से निकला था। सुबह से ही शाहरूख खान के प्रशंसकों की भीड़ जेल के बाहर एकत्रित हो गई थी। जेल के बाहर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। आर्यन के घर लौटने का जश्न मनाने के लिए भी बड़ी संख्या में प्रशंसक ‘मन्नत’ के बाहर मौजूद थे। ‘मन्नत’ के प्रवेश द्वार तक जाने वाली सडक़ पर भारी भीड़ थी और आर्यन की कार आगे बढ़ सके इसलिए पुलिस तथा शाहरूख के निजी सुरक्षाकर्मियों को क्षेत्र खाली करवाना पड़ा। गाडिय़ों का काफिला बंगले के भीतर पहुंच गया उसके बाद भी प्रशंसक बाहर इस आस में डटे रहे कि शायद शाहरूख उनकी ओर देखकर हाथ हिलाएं। एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ को काबू में करने के लिए मुंबई पुलिस ने एहतियाती तौर पर जेल के बाहर पुलिस तैनाती बढ़ा दी थी। स्थानीय पुलिस के अलावा एसआरपीएफ दल भी वहां मौजूद था और आर्थर रोड कारागार के बाहर अवरोधक लगा दिए गए थे। ‘बेल लेटर बॉक्स’ शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे खोला गया था जिसके बाद जेल अधिकारियों ने आर्यन की रिहाई का आदेश प्राप्त किया था।