हज 2022 के लिए शुरू हुआ ऑनलाइन आवेदन

नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने नए सुधार एवं सुविधाओं के साथ हज 2022 की घोषणा के साथ ही सोमवार से हज 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई और आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 है। नकवी ने यहां हज हाउस में हज 2022 की घोषणा करते हुए कहा कि सम्पूर्ण हज प्रक्रिया 100 प्रतिशत डिजिटल/ऑनलाइन होगी। हज 2022 के लिए आवेदन पत्र जमा किए जाने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 रखी गई है। हज के लिए आवेदन, ऑनलाइन और आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘हज मोबाइल ऐप’ के जरिए भी किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय हज यात्री भी ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहित करेंगें एवं स्वदेशी सामान के साथ हज यात्री आवश्यक हज यात्रा पर जाएंगें। इससे पूर्व चादर-तकिए-तौलिया, छतरी एवं अन्य सामान, हज यात्री विदेशी मुद्रा में सऊदी अरब में खरीदतें थे। इस बार इनमें अधिकांश स्वदेशी सामान भारतीय मुद्रा में भारत में ही खरीदे जाएंगे। जहां यह सामान भारत में लगभग 50 प्रतिशत कम दामों पर मिलेंगें, वहीं इससे स्वदेशी एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा मिलेगा। यह सभी सामान हज यात्रियों को उनके निर्धारित इम्बार्केशन पॉइंट्स पर दिए जाएंगें।