बीजेपी बनाएगी 1 लाख 63 हजार बूथ प्रमुख

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। भाजपा का पूरा जोर बूथ स्तर पर है और पूरे प्रदेश में 50 लाख पन्ना प्रमुख बनाए हैं। प्रदेश में भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जिसने प्रदेश में इतने बड़े पैमाने पर पन्ना प्रमुख बनाए हैं। इसके अलावा बूथ समिति सत्यापन का फिजिकल वेरिफिकेशन भी हो चुका है। जल्द ही एक लाख 63 हजार बूथों पर बूथ प्रमुखों को भी तैनात किया जाएगा।
भाजपा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘मैं भी पन्ना प्रमुख’ अभियान शुरू किया था, जो काफी चर्चित रहा। पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर सभी वरिष्ठ नेताओं को इस अभियान का दायित्व दिया है और उन्हें भी अपने-अपने बूथों का पन्ना प्रमुख बनाया है। चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ फीडबैक देने का दायित्व पन्ना प्रमुखों और बूथ प्रमुखों को दिया गया है। वह लोगों के बीच रहकर उन्हें पार्टी की विचारधारा से भी जोड़ेंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने हाल ही में सदस्यता अभियान और ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया था। इसके अलावा पार्टी का संगठनात्मक रूप से प्रकल्प, प्रकोष्ठों और मोर्चों सहित सभी अनुसांगिक संगठनों के सौ दिनों के लिए सौ कार्यक्रम चल रहे हैं।