हिमाचल में कांग्रेस ने चौंकाया: सभी सीट पर कब्जा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने तगड़ी वापसी करते हुए क्लीन स्वीप किया है। यहां बीजेपी को जोर का झटका लगा है। तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी हुए हैं। एक सीट पर तो भाजपा प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बीजेपी को चौंकाते हुए सभी दावों की हवाईयां निकाल दी है। मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की प्रत्याशी और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार कुशाल सिंह ठाकुर को हराकर सीट पर कब्जा किया। प्रतिभा सिंह ने ये सीट 8766 वोटों के अंतर से जीती। प्रतिभा सिंह को 365650 वोट मिले। जबकि कुशाल सिंह को 356884 वोट मिले।
फतेहपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उमीदवार भवानी सिंह पठानिया 5789 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 18660 वोट मिले। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार भवानी सिंह पठानिया ने 24449 वोट हासिल किए। उधर, अर्की विधानसभा सीट से भी कांग्रेस ने जीत का स्वाद चखा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी ने जीत हासिल की।