अयोध्या में आज फिर बनेगा दीयों का रिकार्ड

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में शुरू हुए दीपोत्सव के पांचवें साल रामपैड़ी पर एक साथ साढ़े सात लाख दीयों को जलाकर अपने ही विश्व रिकार्ड को तोडऩे और नया कीर्तिमान बनाने के लिए अयोध्या ने कमर कस ली है। इसके लिए अवध विश्वविद्यालय की पूरी टीम दो दिन से कड़ी मेहनत कर रही है।
रामपैड़ी के 32 घाटों पर मंगलवार को निर्धारित संख्या में नौ लाख दीये को विधिपूर्वक बिछाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। दीपोत्सव का मुख्य पर्व हनुमान जयंती पर बुधवार को मनाया जाएगा। दीपोत्सव के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी होंगे। इस मौके पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत केन्या, वियतनाम व ट्रिनिडाड-टुबैगो के राजनयिक भी मौजूद रहेंगे। अयोध्या के पांचवें दीपोत्सव में भाग लेने के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर दो बजे के करीब यहां पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद रामकथा पार्क में शोभायात्रा की अगवानी करेंगे। इसी कड़ी में रामकथा पार्क के हेलीपैड पर पुष्पक विमान से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व मां सीता के स्वरूपों का अवतरण होगा। यहां पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी आरती उतारकर अगवानी करेंगे।