दहाड़े योगी: यूपी में अब किसी की दंगा करने की हिम्मत नहीं

शाहजहांपुर। जिले के जलालाबाद कस्बे में मंगलवार को 269 करोड़ रुपये की 131 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने बदलते हुए भारत और पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत को देखा है। एक भारत वो था, जब दुश्मन देश आंख दिखाता था तब सरकारें कहती थीं कि कुछ मत बोलो कहीं दुश्मन देश नाराज न हो जाए लेकिन नया भारत दुश्मन देश अगर आंख दिखता है तो उसकी आंख को हथेली पर रखने का काम करता है। सीएम योगी ने कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आपके सामने हैं। 2017 के पहले उत्तर प्रदेश क्या होता था, तब पर्व, त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से नहीं मना सकते थे। तब दंगे शुरू हो जाते थे। शासन के बाद फरमान जारी हो जाते थे। होली बारह बजे के बाद नहीं खेलोगे, दीपावली पर दस बजे के बाद पटाखे नहीं दगा सकते थे। अयोध्या जाने से लोग घबराते थे। आज आपने देखा होगा कि पर्व और त्योहार शांति पूर्वक हो रहे हैं। कोई आतंकी वारदात नहीं है, कोई दंगा नहीं है, इन साढ़े चार साल सालों में।