इस बार भव्य होगी देव दीपावली: 15 लाख दीये जलेंगे

शैवाल सरन, वाराणसी। यूपी की योगी सरकार अपने शासनकाल की आखिरी देव दीपावली को भी भव्य बनाने की तैयारी में है। देव दीपावली के दौरान गंगा के तटों के दूसरी ओर रेती पर सैण्ड आर्ट वर्क करवाया जाएगा। अधिकतम 22 बजड़े व नाव इस दौरान चलाए जाएंगे। वाराणसी में इस वर्ष सरकार 15 लाख दीये जलाने की तैयारी में है। देव दीपावली का त्योहार 18 नवम्बर को मनाया जाना है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नदी के बीचोंबीच से दीयों की खूबसूरती देखने के लिए नावों व बजड़ों की व्यवस्था की जा रही है। नान मोटराइज्ड सजे हुए अधिकतम छह बजड़े चलाए जाने की योजना है, जिसमें 60 व्यक्ति प्रति बजड़ा बैठने की व्यवस्था हो। वहीं अधिकतम 16 बड़ी व छोटी नावों को भी चलाया जाएगा। इन सभी में लाइफ जैकेट मौजूद रहेगी। इसके अलावा लगभग 15 सैण्ड आर्ट बनवाई जाएंगी। ये आर्ट वाराणसी की कला व संस्कृति पर आधारित होंगी। वहीं पांच तरह के दीपक भी प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सादे व डिजाइनर छोटे व बड़े दीपकों के अलावा गोबर से बने दो लाख दीपकों की व्यवस्था भी की जा रही है।