कांगे्रसजनों ने पंडित नेहरू को किया याद

लखनऊ। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू को याद कर उनके विचारों की अभिव्यक्ति और उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ’नेहरू भवन’ में जयंती पर मुख्य रूप से पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री प्रमोद तिवारी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, सतीश अजमानी, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव, मीडिया संयोजक/प्रवक्ता अंशू अवस्थी, लालती देवी, गिरीश मिश्रा, सेवादल संगठक प्रमोद पांडे सहित कांग्रेस जनों ने पण्डित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर श्रद्धासुमन – पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी जी ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की लड़ाई के दौरान 9 वर्ष जेल में बिताने और पूर्ण स्वराज को सबसे पहली बार प्रस्ताव कर अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिला कर रख दी । पंडित जी का आजादी के बाद भारत को पुन: वैश्विक स्तर पर शक्तिशाली भारत की पहचान दिलाने में योगदान अविस्मरणीय है। पण्डित नेहरू की बनाई संवैधानिक, औद्योगिक व वैज्ञानिक संस्थाएं आज भी राष्ट्र को जीवन्तता प्रदान कर रही हैं।
मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने पंडित नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भारत में आदर्श लोकतंत्र की स्थापना की और भारत के सर्वांगीण विकास के लिए हर एक पक्ष को मजबूत करने के लिए आधारशिला रखी चाहे वह शैक्षिक क्षेत्र हो चाहे वह कृषि का क्षेत्र हो चाहे विज्ञान का क्षेत्र हो।