समाजवादी इत्र लांच करने वाले व्यापारी के यहां आईटी का छापा

कानपुर। यूपी के कानपुर में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह सपा नेता पंपी जैन के करीबी इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर, फैक्ट्री, आफिस, कोल्ड स्टोर व पेट्रोल पंप पर छापे मारे। आयकर अधिकारियों ने उनके मुंबई और गुजरात स्थित प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की है। अधिकारियों के मुताबिक करीब 150 करोड़ रुपये की कर अपवंचना का मामला सामने आ रहा है। यह कर अपवंचना मुख्य रूप से मुखौटा कंपनियों के जरिए की गई। आनंदपुरी निवासी पीयूष जैन मूलरूप से कन्नौज के छिपत्ती के रहने वाले हैं। उनका वहां घर, इत्र की फैक्ट्री, कोल्ड स्टोर, पेट्रोल पंप भी है। जिस मोहल्ले में वह रहते हैं, वहीं सपा नेता पंपी जैन का भी घर है। पीयूष जैन का मुंबई में भी घर, हेड आफिस और शोरूम है। उनकी कंपनियां भी मुंबई में ही पंजीकृत हैं। उनके खिलाफ छापे की कार्रवाई सुबह 11 बजे एक साथ सभी जगह शुरू हुई। छापे के लिए मुंबई की टीम आई थी। मुंबई की टीम के नेतृत्व में ही कानपुर के आयकर अधिकारियों की टीम ने छापे मारे। छापे के आयकर की टीम नोट गिनने वाली मशीन लेकर अपने साथ आनंदपुरी पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक पीयूष जैन की करीब 40 कंपनियां हैं जिनमें दो मिडिल ईस्ट में भी हैं। इनका इत्र कन्नौज में बनता है, वहीं मुंबई में इनका शोरूम है जहां से इत्र को पूरे देश में बेचा जाता है। साथ ही विदेश में निर्यात भी किया जाता है।