बोली प्रियंका: महिलाएं करें राजनीति को बदलने की कोशिश

फिरोजााद।उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ”लडक़ी हूं लड़ सकती हूं”, शक्ति संवाद, कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गाँधी वाड्रा ने महिलाओं, लड़कियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में प्रदेश की नारी शक्ति ने अपनी बात रखी और श्रीमती प्रियंका गाँधी वाड्रा ने उनके सवालों का जवाब दिया और सरकार में आने पर समाधान का वादा किया। श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य की सारी महिलाएं एकजुट होकर राजनीति को बदलने की कोशिश करें। आजकल की जो राजनीति चल रही है कि वचन दिया और रखा नहीं, धर्म के आधार पर राजनीति कर ली, जाति के आधार पर वोट मांग लिया उसके बाद आपके लिए कोई काम नहीं किया, इसीलिए मैं चाहती हूँ कि महिलाएं समझें कि किस तरह की राजनीति हो रही है। और उसे बदलने के लिए शक्ति आप सब में है, इसीलिए हमने जो घोषणा पत्र बनाया है, उसमें मोबाइल और स्कूटी सिर्फ माध्यम हैं, महिलाओं को सुरक्षित रखने और सशक्त बनाने के लिए। हमने बहुत सी घोषणाएं की हैं, जिनको पूरा करने का हम वचन दे रहे हैं। हमारा एक गारंटी कार्ड भी है, जो घर-घर तक पहुँचाया जाएगा। श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, कि महिलाओं को हम पर भरोसा करना पड़ेगा। यह महिलाओं का हक़ है कि सरकार उनके लिए रोजगार सुनिश्चित करने के लिए काम करे। खेलों में महिलाओं में बहुत क्षमता है, उन्हें सारी सुविधाएं मिलें तो वह बहुत अच्छा कर सकती हैं। हम एक पूरा विधान निकालने वाले हैं, जिसमें भर्तियां निकालने, रोजगार देने का अपना रोडमैप बताएँगे। उत्तर प्रदेश में काफी वेकेंसियां हैं, जो भरी नहीं गई हैं। विधानसभा चुनाव में चालीस फीसद महिलाओं को टिकट देना हमारी बड़ी पहल है। जबसे हमने लड़कियों का मुद्दा उठाया तब से दूसरी पार्टियां भी जाग गई हैं कि आधी आबादी महिलाएं हैं। अचानक अब मोदी जी ने पहली बार सिर्फ महिलाओं की रैली की, अखिलेश जी ने महिलाओं के लिए घोषणाएं की। यह क्यों हो रहा है? क्योंकि लोग समझने लगे हैं कि महिलाओं की एक बहुत बड़ी शक्ति है, जिसको नकारा नहीं जा सकता है। अगर हम उत्तर प्रदेश में क्रांति लाएंगे, तो मैं दावा कर सकती हूँ कि संसद भवन में भी लोग इसे नकार नहीं पाएंगे। हमारी पार्टी ने घोषणा की है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दस हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा, साथ ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।