राम के बाद परशुराम को लायी बीजेपी: प्रतिमा का अनावरण

लखनऊ। यूपी की सियासत अब भगवान राम से आगे बढ़ते हुए परशुराम तक जा पहुंची है। यही वजह है कि बीते रविवार को अखिलेश यादव ने लखनऊ में भगवान परशुराम की मूर्ति का अनावरण किया था। अब डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत कई भाजपा नेताओं ने भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया है। इस दौरान दिनेशन शर्मा के अलावा भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, उनके बेटे मयंक जोशी, योगी सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई सीनियर नेता मौजूद थे। इन नेताओं में से ज्यादातर ब्राह्मण समुदाय से ही जुड़े हुए थे। माना जा रहा है कि ब्राह्मण बिरादरी को यूपी चुनाव से पहले साधने की कोशिश में ही भाजपा ने यह कदम उठाया है। भगवान परशुराम की छह फुट ऊंची प्रतिमा राजस्थान से खरीदकर लाई गई है। दरअसल यूपी में बीते कई सालों से यह बात कही जा रही है कि राज्य सरकार से ब्राह्मण बिरादरी नाखुश है। ऐसे में उसे लुभाने के लिए भाजपा, सपा समेत कई पार्टियां जुटी हुई हैं। बीएसपी तो लंबे समय से ब्राह्मण बिरादरी को लुभाने के प्रयास करती रही है। इस बार भी वह राज्य भर में प्रबुद्ध सम्मेलनों के जरिए ब्राह्मणों को साधने में जुटी है। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि अखिलेश पहली बार इस तरह का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा तो पहले भी भगवान परशुराम की प्रतिमाएं लगवा चुकी है।