अदिति सिंह ने बोला हमला: कांग्रेस में कोई वेटेज नहीं है

रायबरेली। दो दिन पहले कांग्रेस और विधायकी से इस्तीफा देकर भाजपा में आईं अदिति सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधा। रायबरेली से भाजपा का टिकट मिलने के बाद अदिति सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस के लिए जहर उगला। उन्होंने कहा, कांग्रेस में कोई वेटेज नहीं है और पार्टी में नेतृत्व का गंभीर संकट है। अदिति सिंह ने कहा, कांग्रेस के पास पांच साल तक राज्य में पीछे मुडक़र देखने का समय नहीं है, वे यहां चुनाव से पहले ही आते हैं। यूपी में लोग बीजेपी के दोबारा सत्ता में आने का स्वागत करने को तैयार हैं। बता दें कि अदिति सिंह विधायक बनने के बाद से कांग्रेस के खिलाफ बोल रही हैं। पार्टी में रहते हुए अदिति सिंह बगावत पर उतर आई थीं। अदिति सिंह ने दो दिन पहले ही रायबरेली सदर से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया था। साथ ही अदिति सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को भी इस्तीफा भेजकर विधायकी छोड़ी थी।