झूठे नारों के बल पर बनी केन्द्र की सरकार: मुलायम

mulayam 15 aug

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि केन्द्र में झूठे नारों के बल पर सरकार बनी है। इसने जनता को ठगा है। किसान परेशान है उसे न तो फसल का लाभप्रद मूल्य मिल रहा है और नहीं समय से अच्छा बीज-खाद मिलती है। नौजवान बेकारी का शिकार है। अमीरी-गरीबी की खाई कम नहीं हो रही है। देश में व्यापक असंतोष है। समाजवादी इसके खिलाफ जनता को आंदोलन के लिए तैयार करेगें। शनिवार को मुलायम सिंह यादव लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर झण्डारोहण के पश्चात उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। श्री यादव ने किसान के लिए विशेष अवसरों और प्रोत्साहन पर बल देते हुए कहा कि किसान की सम्पन्नता से देश की अर्थव्यवस्था में खुशहाली आएगी। अभी भी 65 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर हैं। उनकी जमीन का जबरन अधिग्रहण नहीं होना चाहिए। 15 अगस्त का मौका है जब हम गांधी जी के उन सपनों को पूरा करने का संकल्प ले जिन्हें आजादी के बाद भुला दिया गया। उन्होने इस मौके पर आजादी के संघर्ष में कुर्बानी देनेवालों का स्मरण किया और कहा कि हमें अन्याय का विरोध करना चाहिए। श्री यादव ने याद दिलाया कि सन 1942 में जब गांधी जी ने करो या मरो का नारा दिया था तब स्वतंत्र आंदोलन की अगुवाई कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के नौजवान समाजवादियों ने ही की थी। आजादी के आंदोलन में गांधी जी अहिंसा पर विशेष जोर देते थे जबकि भगत सिंह, बिस्मिल, सुभाष बोस का योगदान भी कम नहीं था। देश में जब आपातकाल लगा तो फिर समाजवादी उसके विरोध में आगे थे।