बांके बिहारी के दर्शन के बाद दहाड़े अमित शाह

मथुरा। गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को वृंदावन पहुंचे और सबसे पहले बांके बिहारी जी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मथुरा पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कहा- मैं यहां 2022 के चुनाव में जिताने की अपील करने आया हूं। कोरोना के कारण प्रोटोकाल है। इसलिए हमने तय किया है कि हम इस बार छोटी–छोटी बैठकों से लोगों तक पहुंचे। देश दुनिया में समर्पण भाव के लिए ब्रज जाना जाता है। राधा के कृष्ण के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है। इसी भूमि पर अत्याचार करने वाले कंस का वध भी हुआ है। शाह ने कहा कि मथुरा की दिव्यता भव्यता लौटाना और उसको आधुनिक तीर्थ स्थान बनाना भाजपा का ध्येय है। 5 साल में इस पर बहुत काम हुए। यूपी के चुनाव को विधायक का चुनाव मत समझिए। ये चुनाव भारत के भाग्य का निर्माण करने वाला है। अखिलेश पर हमला बोलते हुए सवाल पूछा – राजनीति के अंदर जातिवाद और परिवारवाद होना चाहिए क्या? कहा- पहले की सरकारें जातिवाद के आधार पर चली। भ्रष्टाचार का विकास हुआ। योगी जी की सरकार में राहुल बाबा भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकते। हमने पारदर्शी सरकार देने का काम किया है।