पुंछ में पाकिस्तान ने की फायरिंग: 3 की मौत, 10 घायल

kashmir 15 aug

जम्मू। भारत में दिनभर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनता रहा लेकिन पाकिस्तान अपने नापाक इरादों से इस दिन भी बाज नहीं आया। जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से शनिवार को भी सीजफायर का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तान की तरफ से की गई फायरिंग में 3 स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। एक ओर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी को शुभकामना संदेश भेजा और मैत्रीपूर्ण संबंधों की बात की और दूसरी तरफ पाकिस्तानी सैनिकों ने बॉर्डर पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर दी। बालाकोट सेक्टर में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पाकिस्तान की फायरिंग में तीन लोग सब्जियां सेक्टर में भी घायल हो गए। पुंछ के डिप्टी कमिश्नर निसार अहमद वानी ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया बालाकोट सेक्टर में हुई गोलाबारी में गांव के प्रधान सहित 3 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पाकिस्तान की गोलाबारी में 7 अन्य भी घायल हुए। घायलों को हवाई मार्ग से जम्मू लाया गया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुंछ जिले के चार सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे जिस पर भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। 2003 में हुए संघर्ष विराम समझौते का अगस्त में 32 बार उल्लंघन हुआ है और पाकिस्तानी जवानों ने लगातार सातवें दिन जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। सीमा पर भारतीय और पाकिस्तानी जवानों ने मिठाई का आदान-प्रदान नहीं किया। रक्षा पीआरओ लेफ्टिनेंट मनीष मेहता ने बताया पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ के मंडी, हमीरपुर और सोजियान सेक्टरों से लगी नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों में शुक्रवार शाम 6.20 बजे से शनिवार सुबह 7.30 बजे तक 60 एमएम और 82 एमएम मोर्टार दागे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी जवानों ने हमीरपुर सेक्टर में शुक्रवार शाम 6.20 बजे से 11.50 बजे तक 60 एमएम मोर्टार दागे और गोलीबारी की। उन्होंने मांड और सोजियान सेक्टरों में भी रात 12 बजे से लेकर तीन बजे सुबह तक और फिर सुबह 7.30 बजे से गोलीबारी की। पाकिस्तानी जवानों द्वारा बालकोटे सेक्टर में भी नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर सुबह 11.30 बजे से गोलीबारी जारी है।