प्रियंका का फैसला: अखिलेश व शिवपाल को वॉकओवर

डेस्क। कांग्रेस ने यूपी चुनाव में अचानक एक बड़ा फैसला लेकर चौंका दिया है। मैनपुरी की करहल से उतरे सपा प्रमुख अखिलेश यादव को कांग्रेस ने वॉकओवर दे दिया है। करहल से घोषित की गई प्रत्याशी का कांग्रेस ने नामांकन नहीं कराया है। इसे अखिलेश यादव का कांग्रेस को समर्थन माना जा रहा है। यहीं नहीं, कांग्रेस ने इटावा की जसवंतनगर सीट से उतरे सपा के शिवपाल यादव के खिलाफ भी अपने प्रत्याशी का नामांकन नहीं कराया है। कांग्रेस ने पहली सूची में करहल से ज्ञानवती यादव और मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र से जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य को प्रत्याशी घोषित किया था। ज्ञानवती को टिकट दिए जाने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध करके उनके पुतले तक फूंक दिए थे। समाजवादी पार्टी ने जब करहल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रत्याशी बनाया तो कांग्रेस हाईकमान ने अपना निर्णय बदल दिया।