छत्तीसगढ़ के कर्मियों को मिलेगा दो दिवसीय अवकाश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को अब महीने के सभी शनिवार को छुट्टी मिलेगी। महानदी भवन मंत्रालय से बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया। संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्य का समय तय किया गया है। वहीं भोजन अवकाश पहले की ही तरह रहेगा। कर्मचारियों को अब हर दिन सिर्फ आधे घंटे अतिरिक्त काम करना होगा। सीएम की घोषणा के बाद जीएडी ने यह आदेश जारी किया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के मौके पर बस्तर के जगदलपुर में सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने बड़ी घोषणा की थी। पांच कार्य दिवस प्रणाली लागू करने के साथ प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों की बल्ले बल्ले हो गई है। सीएम की घोषणा के सप्ताहभर के भीतर ही इस पर अमल कर दिया गया। इस संबंध में आज अधिसूचना जारी कर इस प्रणाली को लागू कर दिया गया। सीएम की इस घोषणा का कर्मचारी संगठनों ने स्वागत किया था। विगत दिनों मंत्रालयीन कर्मचारी संघ सहित विभिन्न संघों ने सीएम का आभार भी जताया था। इधर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दो दिन छुट्टी रहने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।