अखिलेश-जयंत बोले: संविधान बचाने का चुनाव है

अलीगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उन्होंने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संवैधानिक संस्थाओं को तहस-नहस करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में नया संसद भवन बनाने जा रही भाजपा, यदि फिर सत्ता में लौटी तो संविधान भी बदल देगी। अखिलेश ने आज अलीगढ़ में कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार की विभाजनकारी नीतियों से जनता इतनी अधिक नाराज है कि चुनाव के बाद अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता भाजपा पर ताला लगा देगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनता को धोखा दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने की अपील करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में जनता की भाजपा के प्रति नाराजगी का आलम यह है कि अब राज्य के 80 प्रतिशत लोग सपा-रालोद गठबंधन के साथ हो गए हैं।