सपा को झटका देने में लगे हैं राजा संजय सिंह

अमेठी। यूपी की सबसे हॉट सीटों में शुमार अमेठी विधानसभा 186 पर सिर्फ यूपी की ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। भाजपा ने इस सीट पर जहां कभी इंदिरा, राजीव, सोनिया और राहुल गांधी के करीबी रहे सबसे कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजय सिंह को मैदान में उतारा है। तो वहीं सपा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने आखिरी वक्त में भाजपा नेता आशीष शुक्ला को पार्टी में शामिल कराकर उन्हें अपना प्रत्याशी बना दिया। इससे अमेठी की जंग बड़ी दिलचस्प हो चली है। अमेठी विस सीट से भाजपा प्रत्याशी डा. संजय सिंंह ने सपा के कई बड़े नेताओं को भाजपा में शामिल करवाकर अखिलेश यादव की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। चुनाव से पहले ही इससे सपा के खेमें खलबली मच गई है। डा. संजय सिंह ने समाजवादी पार्टी अमेठी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह को अपने 76 समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इसके बाद धीरेंद्र सिंह ने कहाकि अमेठी की हवा बदल गई है। अब डॉ0 संजय सिंह का विधानसभा पहुंचना तंय है। उन्होंने कहा कि आज हमारे साथ दर्जनों प्रधान और बीडीसी डॉ0 संजय सिंह को समर्थन कर रहे हैं। इसी तरह भादर ब्लाक सपा नेता व सपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह के साथ कुल 22 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। इसमें कई प्रधान और बीडीसी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी पस्त हैं और 84 की राजनीति फिर से शुरू हुई है।