पूर्वांचल में माहौल बनाएंगी माया

डेस्क। अब पूर्वांचल को मथने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा जहां गोरखपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री की चार जनसभाएं कराने की तैयारी में जुट गई है वहीं मायावती गोरखपुर से मंडल की 28 सीटों पर माहौल बनाएंगी। पार्टी पदाधिकारी मायावती की चंपा देवी पार्क में 26 फरवरी को होने वाली रैली की तैयारियों में जुट गए हैं। इससे पहले मायावती 24 फरवरी को बस्ती में मंडल स्तरीय रैली संबोधित कर 13 सीटों पर समीकरण पार्टी के पक्ष में करने की कोशिश करेंगी। 26 फरवरी को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में एक बड़ी रैली करने जा रही हैं। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा से भीड़ जुटाई जा रही है। पार्टी के पदाधिकारी चंपा देवी पार्क की रैली से न सिर्फ बसपा की ताकत दिखाने की कोशिश में जुट गए हैं बल्कि इसी ताकत के बहाने अपने वोटरों को सहेजने की भी उनकी कोशिश है। गोरखपुर से ही वह आसपास के जिलों को साधने की कोशिश करेंगी। जनसभा के लिए पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने में लगे हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी मैसेज कर प्रत्याशियों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।