सीएम धामी दिल्ली पहुंचे: बतायेंगे भितरघातियों की करतूत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा आलाकमान को उत्तराखंड के सियासी हालातों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री दिल्ली से रविवार को वापस लौटेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में हैं। हाईकमान के ज्यादातर नेताओं के यूपी विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने की वजह से अभी उनकी किसी से मुलाकात नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि शनिवार या रविवार को उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व अन्य नेताओं से मुलाकात हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि धामी हाईकमान के सामने मतदान के बाद एक-एक विधानसभा सीट को लेकर रिपोर्ट रख सकते हैं। मतदान के बाद भाजपा में जिस तरह से तीन विधायकों ने सरेआम भितरघात के आरोप लगाए हैं, उससे प्रदेश नेतृत्व असहज है। लक्सर के भाजपा विधायक संजय गुप्ता तो सीधे प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को निशाना बनाते हुए उन्हीं पर भितरघात के आरोप मढ़ चुके हैं। इससे भाजपा में हडक़ंप की स्थिति है। भाजपा हाईकमान इस मामले का परीक्षण कर रहा है। माना जा रहा है कि हाईकमान सीएम धामी से इस बारे में रिपोर्ट ले सकता है।