अमेठी में प्रियंका की दहाड़: योगी बतायें बेरोजगारी का प्रतिशत

अमेठी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को अमेठी में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आतंकवाद पर बात कर रही हैं तथा बेरोजगारी, महंगाई, महिला सशक्तिकरण और छोटे किसानों और कारोबारियों की मदद जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटका रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अन्य पार्टियां आवारा मवेशियों और महिलाओं के मुद्दों को, इन पर कांग्रेस द्वारा चुनाव अभियान में बोलने के बाद उठा रही हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, सपा और भाजपा जैसी पार्टियां महंगाई कम करने, रोजगार देने, महिलाओं के सशक्तिकरण, छोटे और मझोले स्तर के कारोबारियों और किसानों की बेहतर कमाई में मदद करने के मुद्दों पर से ध्यान लगातार भटका रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वह सार्वजनिक रूप से आतंकवाद पर व्याख्यान देते हैं और प्रतिशत में बात करते हैं। प्रियंका ने कहा, योगी जी चुनाव के चौथे चरण के दौरान, आज आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान के लिए मुआवजे की घोषणा क्यों कर रहे हैं? जब वह सार्वजनिक रूप से आतंकवाद पर व्याख्यान दे रहे थे और 80 प्रतिशत तथा 20 प्रतिशत का तर्क दे रहे थे, तब क्या उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी? उन्होंने कहा वह (योगी) प्रतिशत में बात करना पसंद करते हैं। वह गत पांच साल से मुख्यमंत्री हैं। वह उत्तर प्रदेश में बेरोजगार युवाओं का प्रतिशत हमें क्यों नहीं बताते?