सुलतानपुर सदर सीट पर भी है बीजेपी-सपा में मुकाबला

सुल्तानपुर। सदर विधानसभा सीट पर चुनावों के पांचवें चरण में 27 फरवरी 2022 को मतदान होना है। सुल्तानपुर सदर विधानसभा सीट प्रदेश की हॉट सीट में से एक कही जा सकती है। 2014 लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर सदर से ही वरुण गांधी जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। इस इलाके का अपना ऐतिहासिक और राजनीतिक महत्व भी रहा है। मीडिया में अक्सर चर्चा में रहने वाली सुल्तानपुर सदर विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की गठबंधन पार्टी निषाद पार्टी और समाजवादी पार्टी में माना जा रहा है। सुल्तानपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी की गठबंधन पार्टी निषाद पार्टी ने राजबाबू उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है, वहीं गठबंधन की तरफ से समाजवादी पार्टी के अरुण वर्मा मैदान में हैं। बहुजन समाज पार्टी ने ओ पी सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस के टिकट पर अभिषेक सिंह राणा ताल ठोंक रहे हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी से सीताराम ने बहुजन समाज पार्टी के राज प्रसाद उपाध्याय को 18773 मतों के अंतर से पराजित किया था। उन चुनावों में सीताराम को 68950 वोट मिले थे जबकि राज प्रसाद उपाध्याय के लिए 50177 लोगों ने वोटों के जरिए अपना समर्थन दिया था। सपा के प्रत्याशी अरुण वर्मा 49692 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे।