आरएसएस की सलाह: रूस पर दबाव बनाए मोदी सरकार

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने केंद्र सरकार से अपील की है को वो यूक्रेन के खिलाफ सैन्य हमलों को रोकने के लिए रूस पर दबाव बनाए। आरएसएस ने कहा कि युद्ध समस्याओं का समाधान नहीं करता है बल्कि मानवता को नुकसान पहुंचाता है। रूस ने गुरुवार को यूक्रेन पर अटैक कर दिया। युद्ध का आज दूसरा दिन है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के काफी नजदीक पहुंच गई है। आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं करता है। बल्कि केवल को मानवता को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने दुनियाभर के नेताओं, राजनयिकों और नागरिक समाज से अपील की कि वे पुतिन को बातचीत के माध्यम से मुद्दों का हल करने के लिए राजी करें। इंद्रेश कुमार ने कहा ‘भारत सहित दुनिया के सभी देशों की सरकारों, राजनेताओं, राजनयिकों, रक्षा विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और नागरिक समाज को एक साथ आना चाहिए और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर युद्ध को तुरंत रोकने और बातचीत के रास्ते पर चलने का दबाव बनाना चाहिए।’ उन्होंने कहा, भारत शांति चाहता है। ऐसी कोई स्थिति नहीं होनी चाहिए जिससे युद्ध बढ़े। युद्ध की भयावहता बेहद दर्दनाक और असहनीय है।