योगी बोले: राजनीति के कालनेमि को मारो वोट से तमाचा

सुलतानपुर। कटकाखानपुर में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को सबोधित किया। 17 मिनट के भाषण में उन्होंने सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला और सरकार की उपलब्धियां गिनाई। सीएम योगी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान भगवान श्रीराम की धरा धाम पर उनके पुत्र महाराज कुश के द्वारा बसाई गई नगरी है। इस नगरी में मैं आज आप सबके बीच में हूं। आगे कहा कि यह मान्यता है कि हनुमान जी ने कालनेमि का वध इसी सुलतानपुर में किया था। चुनाव में हम हैं तो मेरा आप सब से आह्वान होगा चुनाव का सबसे बड़ा हथियार है एक वोट। राजनीति के जो कालनेमि हैं उन पर अपने वोट का एक करारा तमाचा मारने की आवश्यकता है। उनको हराकर ही आप कर सकते हैं। 2017 से 22 के बीच पांच साल के अंदर भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार को आपने कार्य करते हुए देखा है। सीएम योगी ने कहा कि 2012 से 17 के बीच समाजवादी पार्टी की सरकार और 2007 से 12 के बीच बहुजन समाज पार्टी की सरकार भी थी। भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा है वो करके दिखाया है। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करके दिखाती है। और यही कारण है जिस प्रदेश में 2017 के पहले सुरक्षा एक चुनौती थी। जिस प्रदेश में हर दूसरे और तीसरे दिन दंगा होता था। जहां पर आस्था का अपमान होता है और जिस प्रदेश में पेशेवर दंगाई, गुंडे और अपराधी पूरे प्रदेश के अंदर अराजकता का तांडव करते थे। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। महिलाएं बाजार नहीं जा पाती थीं। आज वही प्रदेश आपके सामने है। देश के अंदर कानून व्यवस्था की एक नजीर प्रस्तुत करता उत्तर प्रदेश नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। मैं आपके सुलतानपुर आने के पहले अयोध्या में था। आपने कल अयोध्या में रोड शो का कार्यक्रम देखा होगा। अयोध्या नगरी पूरी अयोध्या नगरी उमड़ पड़ी थी।