रूसी धमाकों से दहली राजधानी कीव

डेस्क। यूक्रेन में रूसी हमले का यह तीसरा दिन है। अब सडक़ों पर भी लड़ाई देखने को मिल रही है। रूसी सैनिकों ने शनिवार तडक़े यूक्रेन की राजधानी कीव में प्रवेश किया और सडक़ों पर घमासान शुरू हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से छुप जाने की अपील की है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वहां से निकल जाने के अमेरिकी प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि वह राजधानी में ही रुकेंगे। उन्होंने कहा, ”यहां जंग जारी है। दो दिनों के घमासान के बाद हुई झड़पों में सैकड़ों लोग हताहत हुए हैं। पुलों, स्कूलों और अपार्टमेंट की इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और इसे अपने शासन के अधीन करने को कृतसंकल्प हैं। रूसी आक्रमण को समाप्त करने के लिए नए अंतरराष्ट्रीय प्रयास शुरू हुए हैं, जिनमें पुतिन पर सीधे तौर पर प्रतिबंध भी शामिल हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति के एक सलाहकार का कहना है कि राजधानी और देश के दक्षिण में लड़ाई चल रही है और यूक्रेनी सेना सफलतापूर्वक रूसी हमलों का सामना कर रही है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोदोलिक ने शनिवार को कहा कि रूसी सेना के छोटे समूहों ने कीव में घुसपैठ करने की कोशिश की और यूक्रेनी सैनिकों के साथ उनकी मुठभेड़ हुई। उन्होंने कहा कि रूस कीव पर कब्जा करना चाहता है और देश के नेतृत्व को नष्ट करना चाहता है लेकिन रूसी सेना कोई बढ़त हासिल करने में विफल रही है और कीव में स्थिति यूक्रेनी सेना के नियंत्रण में है।