बोले शाह: 11 मार्च के बाद माफिया होंगे जेल में

जौनपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर अपराधी और माफिया तत्वों को प्रश्रय देने का आरोप लगाते मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी जीत दिलाने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार बनते ही संगठित अपराध के खिलाफ मुहिम को और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डॉ के पी सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये श्री शाह ने बाहुबली धनंजय सिंह का नाम लिये बगैर कहा कि अतीक, मुख्तार और आजम कहां हैं , एक-दो छूट गए हैं। सात मार्च को कमल का बटन दबाना है और 11 मार्च को वह भी वह भी माफिया जेल में होंगे।
उन्होंने कहा कि यूपी को अपराध मुक्त बनाने की यात्रा भाजपा ने शुरू की है। मल्हनी में स्वर्गीय उमानाथ सिंह का बहुत बड़ा ऋण है। मल्हनी वाले केपी को जिताकर ये कर्ज सूद समेत लौटा देना है। यूपी को माफिया मुक्त करने का वादा है। उसमें थोड़ी सी कसर छूट गई है। बिना नाम लिए उन्होंने बाहुबली धनंजय सिंह पर निशाना साधा। एक बार मल्हनी में कमल खिला दो वो भी मुख्तार के साथ दिखाई देंगे। शाह ने कहा कि गुंडे और माफिया मल्हनी का विकास नहीं कर सकते। ये संस्कार केपी सिंह के पास है। पीढ़ी दर पीढ़ी केपी सिंह के परिवार ने जौनपुर के विकास में योगदान दिया है। दो हज़ार करोड़ की भूमि भूमाफियों के कब्जे से छुड़ा ली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सद्धिान्त के अनुसार गरीब कल्याण के लिए भाजपा की सरकार ने काम किया है।